संतोष तिवारी की रिपोर्ट!
मुजफ्फरपुर सहित उत्तर बिहार में सर्दी का सितम जारी है। दिन में पछिया चलने से कनकनी भी रह रही है। वहीं, वातावरण में नमी की मात्रा अधिक रहने से रात का तापमान सामान्य से अधिक रह रहा है। इसके प्रभाव से दिन में अधिक ठंड महसूस हो रही है। तीन जनवरी पिछले 23 साल में सबसे ठंडा रहा। इससे पहले वर्ष
2000 में इस दिन अधिकतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। पिछले दो दिनों से कोल्ड-डे की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने आगे भी इस तरह की स्थिति रहने की संभावना जताई है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा की ओर से पूर्वानुमान जारी किया गया। इसमें बताया गया कि आठ जनवरी तक उत्तर बिहार के जिलों में आसमान साफ व मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। अधिकांश स्थानों पर हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। पांच दिनों तक अधिकतम तापमान सामान्य से पांच से छह डिग्री सेल्सियस कम और रात का तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है।
सामान्य से 9.1 डिग्री
रहा अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 9.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। दिन और रात के तापमान में महज 2.7 डिग्री सेल्सियस का अंतर है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार दिन में पछिया हवा चल रही है। वातावरण में नमी की मात्रा अधिक है।




