हिमाचल की जनता को निर्णायक जीत के लिए दिल से धन्यवाद : राहुल गांधी!

SHARE:

रिपोर्ट अनमोल कुमार

जनता को किया हर वादा जल्द निभाएंगे, गुजरात का जनादेश भी स्वीकार

नई दिल्ली : हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता को इस निर्णायक जीत के लिए दिल से धन्यवाद। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को हार्दिक बधाई। आपका परिश्रम और समर्पण इस विजय की शुभकामनाओं का असली हकदार है। फिर से आश्वस्त करता हूं, जनता को किया हर वादा जल्द से जल्द निभाएंगे। साथ ही राहुल गांधी ने गुजरात में मिली हार पर ट्वीट किया कि हम गुजरात के लोगों का जनादेश विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं। हम पुनर्गठन कर, कड़ी मेहनत करेंगे और देश के आदर्शों और प्रदेशवासियों के हक़ की लड़ाई जारी रखेंगे।

5 साल में सत्ता बदलने का रिवाज रहा कायम
हिमाचल प्रदेश में हर पांच साल बाद सत्ता बदलने का रिवाज इस बार भी कायम रहा है और पांच साल बाद कांग्रेस ने सत्ता में वापसी की है। पार्टी ने कुल 68 सीटों में से 38 सीटों पर जीत दर्ज की है और दो पर बढ़त बनाए हुए है। राज्य में सरकार बनाने के लिए किसी भी एक दल या गठबंधन को 35 सीटों की जरूरत होती है। भाजपा ने इस चुनाव में 18 सीटें जीती है और 7 पर आगे है। भाजपा की हार के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हिमाचल प्रदेश हम जीते हैं उसके लिए हम मतदाताओं को धन्यवाद करता हूं। हमारे प्रेक्षक जा रहे है और वह तय करेंगे कि राज्यपाल से कब मिलना है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और प्रियंका गांधी को धन्यवाद देते हैं क्योंकि उनकी वजह से हम जीते हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बड़ी जीत हुई है। वहां की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा किया है।

Join us on:

Leave a Comment