प्रियांशु कुमार समस्तीपुर
हाईवा/डंपरों की बेलगाम गति के कारण बिरौली चौक पर निरंतर होती है दुर्घटनाएं, दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रखंड प्रशासन करे कारगर पहल :- माले
बिरौली चौक पर गोलंबर व स्पीड ब्रेकर बनाने के साथ अतिक्रमण को खाली कराने की भाकपा-माले ने की मांग
पूसा का बिरौली चौक चौराहा क्षेत्र का सबसे व्यस्ततम चौराहा है। इस कारण यहाँ आए दिन छोटी- बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती है। इस चौराहा पर बड़े वाहनों खासकर हाईवा/डंपरों की बेलगाम गति के कारण पूर्व में कई लोगों की जान जा चुकी है।शनिवार को हाईवा की चपेट में ऑटो के आ जाने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। लेकिन प्रशासन सबक लेने को तैयार नहीं है। जिससे लोगों के लिए इस रूट पर डंपरों का परिचालन काल का गाल साबित हो रहा है। इसको लेकर भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने बिरौली चौक पर गोलंबर व स्पीड ब्रेकर बनाने के साथ अतिक्रमण को खाली कराने की मांग प्रखंड प्रशासन से की है।
उन्होंने कहा है कि इस मार्ग पर सबसे अधिक यातायात का दबाव रहता है। जनहित में यहाँ अविलंब गोलंबर व स्पीड ब्रेकर बनाने के साथ अतिक्रमण को खाली कराने की जरूरत है।




