रिपोर्ट -अनमोल कुमार
अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव व कोषाध्यक्ष पद छात्र जदयू को, राजद को झटका
आनंद अध्यक्ष, विक्रमादित्या उपाध्यक्ष बने
पटना : पटना विश्वविद्यालय (PU) छात्र संघ चुनाव के रिजल्ट शनिवार की देर रात घोषित किए गए। PU चुनाव में छात्र जदयू का परचम लहरा गया। पहली बार अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर छात्र जदयू ने कब्जा जमाया। महासचिव का एक पद भाजपा समर्थित ABVP के खाते में गया। बड़ी बात यह रही कि छात्र राजद के प्रत्याशी एक भी पद पर जीत नहीं हासिल कर सके।
अध्यक्ष पद पर छात्र जदयू के आनंद मोहन ने कब्जा जमाया। आनंद को 3710 मत मिले। जबकि AISF-NSUI गठबंधन के शाश्वत कुमार को 2517 वोट मिला। वहीं उपाध्यक्ष पद छात्र जदयू के विक्रमादित्य सिंह को खाते में गया। वह 1329 वोट से जीते। विक्रमादित्य को 4055 वोट मिले, जबकि ABVP की प्रतिभा को 2726 मत मिले। संयुक्त सचिव पद पर छात्र जदयू की संध्या कुमारी ने कब्जा जमाया। कोषाध्यक्ष पद पर जदयू के रविकांत कुमार विजयी रहे। वहीं महासचिव का एक पद भाजपा समर्थित ABVP के विपुल कुमार के पास गया। निर्दलीय मो. मुदब्बीर को 2231 वोट मिले।
इसके पहले शनिवार को फायरिंग व छिटपुट घटनाओं के बीच चुनाव संपन्न हुआ। इलेक्शन में 54.38 प्रतिशत मतदान हुआ। पिछली बार की तुलना में इस बार 4.21 फीसदी मत कम पड़े।




