पंकज कुमार जहानाबाद।
एस. एस.कॉलेज जहानाबाद के प्रांगण में चल रहा अंतर महाविद्यालय पुरुष कब्बड्डी टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। टूर्नामेंट के आखिरी दिन हुए फाइनल मुकाबले में गया कॉलेज , गया ने ए. एम. कॉलेज , गया को 29 अंकों के भारी अंतर से मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया। इसके पहले मेजबान टीम सेमीफाइनल का मैच गंवा कर फाइनल मुकाबले में आने से चुक गई। फाइनल मुकाबले के बाद हुए पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता एवं उप विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

बेस्ट कैचर का पुरस्कार ए.एम. कॉलेज , गया के विपुल कुमार को प्राप्त हुआ। गया कॉलेज गया के मोनू कुमार को बेस्ट रेडर का पुरस्कार मिला। विजेता एवं उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। प्राचार्य डॉ० सुधीर कुमार मिश्र एवं महाविद्यालय के क्रीड़ा संघ के अध्यक्ष प्रो० (डॉ०) कृष्णानंद ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ० मिश्र ने विजेता टीम को बधाई दी। साथ ही उन्होंने पराजित टीमों को भी भविष्य में सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए प्रोत्साहित किया। उन्होंने महाविद्यालय में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के साथ ही खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। विद्यार्थियों के जीवन में कब्बड्डी जैसे खेल के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे जीवन में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से खेल का विशेष महत्व है। यह हमें शारीरिक मजबूती के साथ ही चारित्रिक दृढ़ता भी प्रदान करता है। इस अवसर पर उपस्थित रहने वालों में महाविद्यालय के वित्तेक्षक डॉ० श्रीनाथ शर्मा , डॉ० बालभगवान शर्मा , डॉ० अरूण कुमार , डॉ० इमरान अरशद , डॉ० सतीश चन्द्र पाठक , मोती लाल , सुनील कुमार सिंह , सुबोध कुमार सुमन , अनिल कुमार द्विवेदी , विवेक मोहन , रामजीवन पासवान , प्रेम कुमार , शिवनंदन साव , सुदर्शन कुमार आदि शामिल रहे।




