रिपोर्ट -अनमोल कुमार
मंच संचालक को दिया धक्का और माइक को दिया मरोड़
बक्सर : सनातन संस्कृति समागम कार्यक्रम के दौरान स्थानीय सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी चौबे जब बोल रहे थे, तभी अचानक पोडियम में लगे माइक से आवाज आनी बंद हो गई। इतनी सी बात पर उन्हें इतना गुस्सा आया कि सबके सामने उन्होने मंच संचालक की क्लास लगा दी। संचालक ने उन्हें तुरंत दूसरा माइक दिया, लेकिन अश्विनी चौबे का गुस्सा नहीं थमा। उन्होंने उनके हाथ से माइक छीनकर उन्हें धक्का भी दिया। साथ ही पोडियम में लगे माइक को उन्होंने गुस्से में पूरा मोड़ दिया। बक्सर में श्री राम कर्मभूमि न्यास द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अश्विनी चौबे शामिल हुए थे। संतों की ओर से किए जा रहे प्रज्ञा प्रवाह का संचालन जियर स्वामी कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अश्विनी चौबे को बोलने के लिए दो मिनट का समय दिया। इसके लिए जैसे ही वो पोडियम के पास पहुंचे तो यह घटना घटी।
9 राज्यों के सीएम व केंद्रीय मंत्री गडकरी भी भाग लेंगे
अहिल्या के उद्धार स्थल अहिरौली में हो रहे सनातन संस्कृति समागम पर देश की निगाहें टिकी हुई है। 15 नवंबर तक चलने वाले इस कार्यक्रम में 9 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। 14 नवंबर को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आगमन होगा। वहीं, 15 नवंबर को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ भी इसमें शिरकत करेंगे।




