प्रशान्त कुमार की रिपोर्ट
बेगूसराय में तेजी से वायरल हो रहा एक वीडियो निजी विद्यालय की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है । वायरल वीडियो तिलरथ स्टेशन के पूर्वी रेलवे गुमटी की बताई जा रही है । वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि रेलवे का फाटक खुला है और एक स्कूली बस रेल ट्रैक के बीचो बीच खड़ी है । इस दौरान रेलवे परिचालन भी बाधित रहा और दो-दो ट्रेन लंबे समय तक तिलरथ गुमती के समीप खड़ी रही। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को जिस वक्त बच्चों से भरी बस रेलवे ट्रैक पार कर रही थी उसी वक्त बस में तकनीकी खराबी आ गई और बस रेलवे ट्रैक पर ही रुक गई । वहां पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल कर रेल ट्रैक के बाहर खड़ा कर दिया और फिर बाद में बस को धक्का मारकर रेलवे ट्रैक से बाहर निकाला। तब जाकर परिचालन दुरुस्त हो सका। सहज अनुमान लगाया जा सकता है कि अगर मानवरहित फाटक पर ऐसी परिस्थिति बनती तो किसी भी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में जरूरत है निजी विद्यालयों को अपने संसाधनों को दुरुस्त रखने की जिससे कि लोगों को हादसों का शिकार ना होना पड़े।



