रिपोर्ट -अनमोल कुमार
सालाना 600 करोड़ से ज्यादा टर्न ओवर होने का अंदेशा
कई रसूखदार आ सकते हैं अब आयकर के रडार पर
पटना : जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के करीबी बिल्डर राजीव कुमार सिंह उर्फ गब्बू सिंह की कंपनी में कई रसूखदारों के पैसे के निवेश की जानकारी भी मिली है। इसके अलावा 40 से अधिक IAS-IPS अधिकारियों के साथ उनके न सिर्फ करीबी ताल्लुकात बताए जाते हैं, बल्कि उनके पैसे भी गब्बू सिंह की कंपनी में खपाए गए। अधिकारियों के बजाए उनके करीबियों के नाम पर काली कमाई को खपाने की बात सामने आई है। हालांकि आयकर विभाग ने छापेमारी में बरामद नकद और अन्य दस्तावेजों को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई खुलासा नहीं किया। श्री गोविंदा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के मालिक गब्बू सिंह के ठिकानों पर छापे की कार्रवाई शनिवार को भी जारी रही। सूत्रों के मुताबिक कंपनी का सालाना टर्नओवर कागज पर 150 करोड़ के आसपास दर्शाया गया है। लेकिन यह सालाना 600 से 700 करोड़ के आसपास बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक छापे में मिले दस्तावेज के आधार पर कई रसूखदार आयकर के रडार पर आ सकते हैं। टैक्स बचाने के लिए फर्जी लेनदेन के भी साक्ष्य मिले हैं। कई लेनदेन को कंपनी के लेजर बुक पर दर्शाया ही नहीं गया है। बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी और रसूखदारों की काली कमाई खपाए जाने को लेकर मिले कागजातों की विस्तृत छानबीन की जा रही है।
23 ठिकानों पर रेड, अब तक 50 करोड़ कैश मिले
गब्बू सिंह बिल्डर के साथ ही सरकारी ठेकेदार भी हैं।उनका होटल का भी कारोबार है। टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितता के मामले में आयकर विभाग ने गब्बू सिंह के साथ उनसे जुड़े कुछ सहायक ठेकेदारों के पटना, दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के कुल 23 ठिकानों पर छापेमारी की है। इस दौरान करोड़ों के टैक्स चोरी का मामला सामने आया है। अभी तक 50 करोड़ नकद मिलने की बात आई थी।




