रिपोर्ट -अनमोल कुमार
मुलायम सिंह यादव के निधन पर बिहार में एक दिन का राजकीय शोक
देश के बड़े समाजवादी नेता थे मुलायम सिंह : नीतीश कुमार
पटना : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर बिहार सरकार ने एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि मुलायम सिंह यादव जी का निधन राष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। मुलायम सिंह यादव देश के बड़े समाजवादी नेता थे। वे समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं संरक्षक थे। एक साधारण किसान परिवार में जन्म लेने वाले मुलायम सिंह यादव पहले दो बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे उसके पश्चात् देश के रक्षा मंत्री बने। इसके बाद वे एक बार फिर यूपी के मुख्यमंत्री बने थे। वे स्पष्टवादी, निडर एवं दूरदर्शी नेता थे। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि मुलायम सिंह यादव लोकप्रिय जननेता के साथ ही कुशल प्रशासक भी थे। वे लोकसभा सांसद भी थे। आम लोगों के साथ उनका गहरा लगाव था और सभी के साथ उनका व्यवहार स्नेहपूर्ण था। वे हमेशा अपनी विचारधारा पर अडिग रहे। वे गरीबों के अधिकारों के लिए लड़नेवाली सबसे प्रभावी आवाजों में से एक थे।




