रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-
किशनगंज : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीमांचल दौरे के दूसरे दिन आज शनिवार को किशनगंज के बूढ़ी काली मंदिर में पूजा अर्चना की और महाप्रसाद भोग भी ग्रहण किया। वे सुबह करीब 10.30 बजे मंदिर परिसर में पहुंचे। जहां कुछ देर पूजा करने के बाद वे नेपाल बॉर्डर के लिए रवाना हो गए। गृहमंत्री अमित शाह ने मंदिर पहुंचते ही मां काली को प्रणाम किया। इसके बाद पुरोहित मलय मुखर्जी और श्रवण दुबे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ और बंगाली रीति रिवाज के साथ पूजा करवाई।मंदिर में आधे घंटे से ज्यादा वक्त रहे शाह ने पूजा के बाद मंदिर की परिक्रमा भी की। पूजा-अर्चना के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री पूरी तन्मयता के साथ मां की भक्ति में विभोर रहे। उन्होंने मंदिर परिसर में ही भगवान शिव की भी पूजा की। अमित शाह के दौरे के चलते बूढ़ी काली मंदिर में आम श्रद्धालुओं का प्रवेश बंद रहा। अमित शाह के साथ पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, विधान पार्षद डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने भी पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर माता के जयकारे से गूंज रहा था।
महिलाओं ने शंख बजा व गुलाब दे किया स्वागत
मंदिर में गृहमंत्री अमित शाह का अभिनंदन मंदिर कमेटी की महिला मंडली द्वारा शंख ध्वनि से किया गया। उनके स्वागत में महिलाओं ने शंख बजाया। पूजा के समापन के बाद महिलाओं ने एक-एक कर शाह को गुलाब का फूल भेंट किया।




