संतोष तिवारी की रिपोर्ट :-
नीतीश कुमार डमी हैं, रिमोट लालू प्रसाद यादव के पास : केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे महागठबंधन पर जमकर बरसे, कहा-अभी एक विकेट गिरा है, जल्द सरकार भी गिरेगी
मुजफ्फरपुर पहुंचे BJP के केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे महागठबंधन पर जमकर बरसे। उन्होंने CM नीतीश कुमार पर भी जमकर भड़ास निकाला। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता थे। उन्होंने कहा कि CM नीतीश कुमार सिर्फ डमी हैं। सरकार का रिमोट कंट्रोल तो भ्र्रष्टाचार के सम्राट और जेल से निकले लालू प्रसाद यादव के पास है। वे पलटी मारने में माहिर हो चुके हैं। इसका उदाहरण उन्होंने एक बार से गठबंधन तोड़कर पेश किया है। कहा कि सरकार बदलने के साथ बिहार में अपराध में बेतहाशा वृद्धि हुई है। राजधानी में दिनदहाड़े लूटपाट की घटना घट रही है। इससे स्पष्ट हो रहा है कि बिहार में फिर से जंगलराज आ गया है। हमारी सरकार थी तो महिलाएं और छात्राएं भयमुक्त होकर कहीं भी आ जा सकती थी। लेकिन, आज स्थिति ये हो गयी है कि अगर महिलाएं अकेली जा रही हैं तो पिस्टल दिखाकर उनसे जेवरात उतरवा लिए जा रहे हैं। महिलाएं अब सुरक्षित नहीं हैं।
सरकार का इस्तीफा बाकी है
उन्होंने कहा कि जिसपर आपराधिक मामले दर्ज हैं, उसे कानून मंत्री बना दिया। जो चावल घोटाला में संलिप्त है, उसे कृषि मंत्री बना दिया गया। सरकार की बानगी देखिये। इसी से पता लग जायेगा कि आखिर ये किस प्रकार की सरकार है। हालांकि बात जब उठी तो कानून मंत्री से इस्तीफा दिलवाया गया। तो ये इस्तीफा तो झांकी है, सरकार का इस्तीफा अभी बाकी है। जो नीतीश कुमार भ्र्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की बात कहते थे। आज उनके इर्दगिर्द चारों तरफ सिर्फ भ्र्रष्टाचारी ही भरे पड़े हैं। अब क्या करेंगे। इसलिए हम उन्हें डमी CM बता रहे हैं।
महागठबंधन नहीं, महाठगबंधन की सरकार है
केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि हमलोग गांव-गांव घर-घर घूम रहे हैं। 2025 और उससे पहले 2024 की तैयारी शुरू कर दी है। बिहार में 35 से अधिक सीट BJP लेकर आएगी और बिहार में हमारा डंका बजेगा। मणिपुर में JDU विधायक के BJP में शामिल होने की बात पर उन्होंने कहा कि हम धनबल का प्रयोग नहीं करते हैं। हम निष्पक्ष हैं। इसलिए हर कोई BJP में शामिल होना चाहता हैं। उन्होंने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वे मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। अब तो उनके पास यही बच गया हैं। जिन्होंने देश को ठगा, राज्य को ठगा, जनता को ठगा। ऐसा कोई नहीं जिसे उन्होंने नहीं ठगा। ये महागठबंधन नहीं महाठगबन्धन की सरकार है।




