जो गलत हैं, उन्हें ही CBI व ED से घबराहट हो रही : विजय सिन्हा!

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-

बिहार में नेता प्रतिपक्ष ने कहा-महागठबंधन का पतन शुरू हो गया
संवैधानिक पद पर बैठे लोगों को संवैधानिक एजेंसियों का सम्मान करना चाहिए

पटना : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने बिहार में CBI की इंट्री बंद करने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि संवैधानिक एजेंसियों को कोई रोक नहीं सकता है। संवैधानिक पद पर बैठे लोगों को संवैधानिक एजेंसियों का सम्मान करना चाहिए। जो गलत हैं उन्हें ही CBI और ED से घबराहट हो रही है। ऐसे लोग तो कल अदालत को भी काम नहीं करने देंगे। बिहार में भ्रष्टाचारियों को बेचैनी क्यों हो रही है? विजय सिन्हा ने दावा किया कि बिहार में महागठबंधन के पतन की शुरुआत हो चुकी है। इसकी सरकार आते ही संवैधानिक संस्थाओं को अपमानित करने और नीचा दिखाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बिहार और देश की जनता सब देख रही है। समय आने पर वह लोकतांत्रिक ढंग से इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को इस बयान पर संज्ञान लेना चाहिए तथा महागठबंधन में अपने सहयोगी से स्पष्टीकरण मांगना चाहिए। बता दें कि पिछले दिनों जमीन के बदले नौकरी घोटाले में CBI छापे के बाद बिहार में यह सवाल जोर शोर से उठाया जाने लगा था। राजद की ओर से यह कहा गया कि राज्य में केंद्रीय एजेंसियों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए। राजद के कद्दावर नेता शिवानंद तिवारी ने भी इसका विचार दिया था। कई अन्य नेताओं की ओर से केंद्र सरकार पर CBI और ED का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए यह मांग की गई थी। लेकिन जदयू नेता उपेंद्र कुशवाहा ने ही इसका खंडन करते हुए कहा कि इस तरह का फैसला किसी भी राज्य में नहीं होना चाहिए। इसमें CBI जैसी संस्थाओं की कोई गलती नहीं है। भाजपा सरकार गलत नीयत से एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

Join us on:

Leave a Comment