नीतीश खुद क्रीज पर डटे रह कर दूसरे बैट्समैन को रन आउट कराते रहते हैं : तारकिशोर!

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-

नीतीश ऐसे सीएम हैं, जिनका डिप्टी बदलता रहता है
अपने बूते कभी सीएम नहीं बनने वाले की महत्वाकांक्षा पीएम बनने की है

पटना : भाजपा नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने सीएम नीतीश कुमार की तुलना क्रिकेट के उस बल्लेबाज से की है जो खुद तो क्रीज पर डटा रहता है लेकिन दूसरे छोर पर खेल रहे बैट्समैन को रन आउट करवा देता है। बिहार विधानसभा में नीतीश सरकार के विश्वासमत प्रस्ताव पर बहस के दौरान भाजपा नेता तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि नीतीश ऐसे सीएम हैं जिनका डिप्टी बदलता रहता है।
तारकिशोर प्रसाद ने एनडीए छोड़ने और भाजपा के साथ चल रही सरकार तोड़ने को जनादेश का अपमान बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार आजतक एक बार अपने दम पर मुख्यमंत्री नहीं बन पाए हैं लेकिन उनकी महत्वाकांक्षा प्रधानमंत्री बनने की है। तारकिशोर प्रसाद ने जॉर्ज फर्नांडीस, शरद यादव को दरकिनार करने की चर्चा करते हुए कहा कि निजी महत्वाकांक्षा के चलते ही नीतीश ने 2013 में भाजपा को धोखा दिया और फिर 9 साल बाद दोबारा अब विश्वासघात किया है।
बार-बार केंचुल छोड़ने वाला सांप, लालू के बयान का जिक्र
तारकिशोर प्रसाद ने लालू यादव द्वारा नीतीश को बार-बार केंचुल छोड़ने वाला सांप बताने की याद दिलाते हुए कहा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने रहते हैं लेकिन उनके डिप्टी बदल जाते हैं। उन्होंने कहा कि जब से राजद की सरकार में वापसी हुई है तब से बिहार में जंगलराज की वापसी हो गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब राजद नेताओं पर भ्रष्टाचार के आरोप से अब उन्हें फर्क नहीं पड़ता?

Join us on:

Leave a Comment