शराब पार्टी से भागने में गिरा, गर्दन व पेट में घुसा सरिया!

SHARE:

संतोष तिवारी की रिपोर्ट :-

मुजफ्फरपुर के अहियापुर में एसएसबी स्टेशन हेडक्वार्टर के सामने स्थित होटल में सोमवार की देर रात प्रॉपर्टी डीलर के पुत्र की बर्थडे पार्टी में शराब व शबाब छलकने की सूचना पर पुलिस टीम ने छापेमारी की। पार्टी में चार नर्तकियां डीजे पर थिरक रही थीं और शराब भी परोसी जा रही थी। पुलिस की रेड पड़ते ही भगदड़ मच गई। कई लोग रेलिंग से नीचे कूद गये। भागने के क्रम में एक एम्बुलेंस संचालक होटल की सीढ़ी से नीचे गिर गया, जिससे उसकी गर्दन में छड़ घुस गयी वहीं एक आदमी के पेट में छड़ घुस गई। दोनों का पहले एसकेएमसीएच
में इलाज कराया गया। स्थिति बिगड़ने पर उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। बताया गया कि दोनों का इलाज पटना में एक निजी अस्पताल में चल रहा है। अहियापुर थानेदार विजय कुमार सिंह ने बताया कि बर्थडे पार्टी में होटल से एक बोतल शराब जब्त की गई। शराब की पांच खाली बोतलें, सोडा की खाली बोतल और गिलास आदि भी जब्त की गई है। पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया है। चार नाबालिगों को थाने से मुक्त
किया गया। रात दो बजे हिरासत में अहियापुर थाने में लायी गई चार नर्तकियों को मंगलवार दोपहर निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
थानेदार ने बताया कि होटल संचालक उमानगर निवासी उमाशंकर राय, भिखनपुर निवासी रणवीर सहनी और उमानगर निवासी राजीव कुमार
फरार है। उसे पकड़ने के लिए छापेमारी चल रही है, जबकि इस कांड में गिरफ्तार सिकंदरपुर अम्बेदकर नगर निवासी संतोष कुमार, सीतामढ़ी जिले के खनुआघाट निवासी दिलराजा कुमार, औराई के ऋषिकेश कुमार, हथौड़ी के साहपुर निवासी टुनटुन कुमार और शिवहर के पोजियर निवासी विकास कुमार को उत्पाद अधिनियम के केस में न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। बता दें कि दो दिन पहले ब्रह्मपुरा थाना इलाके में भी एक गोदाम से औराई इलाके के चार युवकों को दो युवतियों के साथ संदिग्ध हालत में पकड़ा गया था। गोदाम से एक बोतल शराब भी मिली थी।

Join us on:

Leave a Comment