रिपोर्ट -अनमोल कुमार:-
बोले-बिहार ने वही किया, जो देश को करने की जरूरत है
पटना : बिहार में नई सरकार के उप मुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव का मानना है कि राज्य ने पूरे देश के सामने उदाहरण पेश किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन बहुत मजबूत है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एनडीए से अलग होकर राजद, वाम दलों, कांग्रेस और हम का हाथ थाम लिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार ने वही किया, जो देश को करने की जरूरत है। हमने उन्हें रास्ता दिखाया है। हमारी जंग बेरोजगारी के खिलाफ रही है। हमारे मुख्यमंत्री को गरीबों और युवाओं के दर्द का एहसास है। हम एक महीने के भीतर गरीबों और युवाओं को बंपर नौकरियां देंगे। यह इतना बड़ा होगा कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ होगा। तेजस्वी ने कहा कि महागठबंधन या ग्रैंड अलायंस इतना मजबूत है कि विधानसभा में भाजपा अकेली ही विपक्ष बचेगी। भाजपा की तरफ से सांप्रदायिक तनाव फैलाया जा रहा है। वे क्षेत्रीय दलों को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। खास बात है कि सीएम नीतीश कुमार ने 2024 लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष को एक होने का आह्वान किया है।




