बिहार में 1200 नए पदों पर जल्द ही होगी भर्ती!

SHARE:

रिपोर्ट-अनमोल कुमार :-

बिहार में 1200 नए पदों पर जल्द ही होगी भर्ती

इनमें सबसे अधिक बहाली पुलिस में होगी
विभिन्न विभागों में नए पदों के सृजन प्रस्ताव को नीतीश कैबिनेट की मंजूरी

पटना : बिहार में 1204 नए पदों पर जल्द ही नियुक्तियां होंगी। विभिन्न विभागों में इन पदों के सृजन के प्रस्ताव को नीतीश कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। इनमें सबसे अधिक बहाली बिहार पुलिस में होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में कुल 23 प्रस्तावों पर मंजूरी दी गई। कैबिनेट के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस सिद्धार्थ ने बैठक के बाद बताया कि साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए सबसे अधिक 405 पद सृजित किए गए हैं। इनमें एक पुलिस उप महानिरीक्षक साइबर, दो पुलिस अधीक्षक, 16 उपाधीक्षक, 226 पुलिस निरीक्षक, 44 सिपाही और 93 चालक सिपाही के पद हैं। इसी प्रकार बिहार पुलिस सेवा के 181 पदों के सृचन की स्वीकृति दी गई है। इनमें 15 स्टाफ अफसर, 12 अपर पुलिस अधीक्षक, 114 वरीय पुलिस उपाधीक्षक और 40 पुलिस उपाधीक्षक के पद शामिल हैं। इन पदों के सृजन से बिहार पुलिस सेवा संवर्ग में कुल 1026 पद हो जाएंगे।

अपराध रोकने को नए पदों का सृजन
बढ़ती जनसंख्या और अपराध के नये-नये आयामों को देखते हुए इन पदों का सृजन किया गया है। ताकि अपराध की रोकथाम में मदद मिले और घटनाओं पर अंकुश लगाई जाये। वहीं, राज्य आपदा रिस्पांस बल (एसडीआरएफ) में कई श्रेणी के 393 पद सृजित किए गए हैं। इनमें 20 निरीक्षक, 75 अवर निरीक्षक, 59 हेड कॉन्सटेबल, 14 चालक और 225 कॉन्सटेबल के पद हैं। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने को पुलिस महानिरीक्षक (यातायात) और उनके कार्यालय के लिए 16 पद सृजित किए गए हैं। मद्य निषेध, उत्पादन एवं निबंधन विभाग में मुख्यालय व प्रमंडल स्तर पर 11 पदों का सृजन किया गया हैं।

Join us on:

Leave a Comment