रिपोर्ट -अनमोल कुमार:-
राजद सांगठनिक चुनाव प्रक्रिया 16 से शुरू होगा
21 सितंबर को सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष चुने जाएंगे
पटना : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में होने वाले संगठनिक चुनाव की प्रक्रिया 16 अगस्त से शुरू कर दी जाएगी। जिसके तहत बूथ स्तर से लेकर पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 11 अक्टूबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। राजद के राष्ट्रीय सहायक निर्वाचन पदाधिकारी चित्तरंजन गगन ने बताया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के सांगठनिक चुनाव को लेकर फैसला लिया गया था। 5 अगस्त को राज्य के सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी और सहायक जिला निर्वाचन पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई है। बैठक में शामिल होने वाले सभी पदाधिकारियों को चुनावी प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। 13 अगस्त को राष्ट्रीय समेत सभी राज्य कार्यालयों में सदस्यों की सूची जारी कर दी जाएगी। 16 से 21 अगस्त के बीच बूथ स्तर, 23 से 26 अगस्त के बीच पंचायत समिति और प्रखंड डेलिगेट का चुनाव होगा। 29 अगस्त से 2 सितंबर के बीच प्रखंड इकाइयों और जिला प्रतिनिधियों का चुनाव होगा, जबकि 6 सितंबर से 12 सितंबर के बीच जिला इकाइयों और राज्य परिषद के सदस्यों का चुनाव होगा। 21 सितंबर को बिहार समेत सभी राज्यों में राज्य परिषद की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष, राज्य कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ हीं राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का चुनाव होगा।




