खुशखबरी, चलती ट्रेन में मिलेगा अब कंफर्म बर्थ!

SHARE:

रिपोर्ट -अनमोल कुमार :-

खुशखबरी! चलती ट्रेन में मिलेगा अब कंफर्म बर्थ
टीटीई को दिया गया हाईटेक एचएचटी
एचएचटी में खाली बर्थ फीड करते ही RAC ऑटोमेटिक बर्थ मिल जाएगा

सहरसा/समस्तीपुर : रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी! अब चलती ट्रेन में यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिल सकेगा। ऑनलाइन यह पता चल जाएगा कि ट्रेन के आरक्षित कोच में कितना बर्थ खाली है। खाली बर्थ के लिए करंट टिकट रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर या IRCTC की वेबसाइट से यात्री बुक करा सफर कर पाएंगे। यात्रियों को इस तरह की सुविधा देने के लिए टीटीई को हाईटेक सुविधा से लैस किया गया है। उन्हें एचएचटी (हैंड हेल्ड टर्मिनल) जो टैब जैसा दिखता है, वह दिया गया है। इसकी शुरुआत सहरसा से पटना जाने-आने वाली ट्रेन राज्यरानी एक्सप्रेस से कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, एचएचटी में खाली बर्थ की जानकारी फीड करते ही RAC सीट ऑटोमेटिक बर्थ में कन्फर्म हो जाएगा। यानी यात्री को आधा नहीं पूरे बर्थ पर आराम से सोकर जाने को मिल जाएगा। खास बात यह कि RAC के कन्फर्म होने की जानकारी यात्री को उनके मोबाइल नंबर पर मैसेज के जरिए आ जाएगी। इस व्यवस्था से यात्री को बर्थ कन्फर्म करने के लिए टीटीई के आगे गुहार नहीं लगानी पड़ेगी। वहीं बर्थ के आवंटन में पारदर्शिता भी आएगी। समस्तीपुर मंडल के डीआरएम आलोक अग्रवाल ने कहा कि धीरे-धीरे सभी ट्रेनों में एचएचटी की सुविधा बहाल करने की योजना है। एचएचटी की सुविधा जिस ट्रेन में है, उसके आरक्षित कोच में खाली बर्थ की जानकारी ऑनलाइन यात्री को मिल जाएगी। वे अपने पास के स्टेशन के टिकट काउंटर या IRCTC की वेबसाइट से करंट टिकट बुक करा कन्फर्म बर्थ पर यात्री सफर कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर मंडल में 64 एचएचटी यानी हैंड हेल्ड टर्मिनल टीटीई को दिया गया है। एचएचटी चलाने के लिए टीटीई को प्रशिक्षण दिया गया है।

Join us on:

Leave a Comment