बसंत भालोटिया
शिकारीपाड़ा में मनरेगा योजनाओं में लूट की खुली छूट, बिना काम कराएं की जा रही है राशि की निकासी
पंचायत सचिव, रोजगार सेवक एवं भेडर के लिए चारागाह बन गई है मनरेगा संचालित योजनाएं
प्रतापपुर सड़क मैदान से प्रतापपुर नदी तक मिट्टी मोरम पथ निर्माण कार्य में बिना काम किए निकाल ली गई पूरी राशि
शिकारीपाड़ा(दुमका)
शिकारीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत संचालित मनरेगा योजना पंचायत सचिव, रोजगार सेवक एवं भेडर के लिए चारागाह बन गई है|बगैर कार्य किए सामग्री मद में मनरेगा से राशि निकाल लेना आम बात हो गई है। बताते चलें कि प्रखंड के खाडू कदमा पंचायत अन्तर्गत प्रतापपुर गांव में बगैर सड़क निर्माण किए भेडर, रोजगार सेवक एवं पंचायत सचिव द्वारा सामग्री मद(मोरम) में 22 अक्टूबर 2021 को ₹75303, 62 रुपए की निकासी कर ली गई,जबकि मजदूरी मद में मात्र ₹194 का भुगतान दिखाया गया है। ज्ञात हो कि ₹361229 की प्राक्कलित राशि से प्रतापपुर सड़क मैदान से प्रतापपुर नदी तक मीटी मोरम पथ का निर्माण होना था। इस पथ में आज तक मिट्टी का कार्य हुआ ही नहीं जबकि मोरम के नाम पर संपूर्ण राशि की निकासी कर ली गई है। योजना स्थल पर आज तक सूचना पट नहीं लगाया गया है जबकि नियमानुसार कार्य प्रारंभ करने के पूर्व निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित विस्तृत सूचना पट्ट लगाना है। इस योजना का वर्क कोड 70 80 90 1084 780 है तथा इसकी स्वीकृति 17 मार्च 2021 को दी गई है मनरेगा पोर्टल पर देखने से पता चलता है कि बाबा इंटरप्राइजेज शिकारीपाड़ा द्वारा मोरम के नाम पर राशि की निकासी 22 अक्टूबर 2021 को की गई है। इसके साथ ही प्रतापपुर मौजा के अन्य दो मिट्टी मोरम पथ निर्माण योजनाओं में भी भेडर द्वारा रोजगार सेवक एवं पंचायत सचिव के साठगांठ से मोरम की राशि निकासी कर ली गई है जबकि उक्त योजनाओं में मिट्टी का कार्य भी पूर्ण नहीं हुआ है ग्रेड वन के ऊपर मिट्टी मोरम का कार्य स्वीकृत होने के कारण प्रखंड स्तर से कार्य को बंद करा दिया गया है| उक्त दोनों योजनाओं में भी सूचना पट्ट नहीं लगाया गया है |इन तीनों मिट्टी मोरम पथ निर्माण योजनाओं की यदि निष्पक्ष रुप से जांच की जाए तो बहुत बड़ा घोटाला उजागर होगा।
क्या कहते हैं पदाधिकारी
इस संबंध में मनरेगा बीपीओ नजीर हेंब्रम से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास सफल नहीं हुआ क्योंकि उन्होंने फोन रिसीव ही नहीं किया।इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार चौधरी कहते हैं कि जब मुझे ग्रेड वन के ऊपर मिट्टी मोरम पथ निर्माण किए जाने की सूचना मिली तो मैंने स्थल पर जाकर कार्य को बंद करा दिया। सामग्री मद में भुगतान किए जाने की मुझे जानकारी नहीं है अगर सामग्री मद में भुगतान किया गया है तो वह नियमानुसार गलत है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।




