धीरज शर्मा की रिपोर्ट
पटना से प्रयागराज,हमारी लड़ाई-जिंदाबाद! और सम्मानजनक रोजगार-हमारा अधिकार! के नारे के साथ आरआरबी एनटीपीसी की परीक्षा के रिजल्ट में धांधली व ग्रुप डी की परीक्षा को दो स्तरीय करने के मनमाना फैसले और बिहार से यूपी तक रेलवे अभ्यर्थियों के आंदोलन के बर्बर दमन के खिलाफ बहुजन स्टूडेंट्स यूनियन(बिहार) के बैनर तले भागलपुर स्टेशन चौक पर आज जोरदार प्रतिवाद प्रदर्शन हुआ। इस मौके पर बहुजन स्टूडेंट्स यूनियन(बिहार) के अध्यक्ष सोनम राव ने कहा कि बिहार से यूपी तक आंदोलनकारी छात्रों पर पुलिसिया बर्बरता हुई है। छात्रों को जेलों में डाल दिया गया है। यह लोकतंत्र पर हमला है। बर्बर दमन के दोषियों को सजा की गारंटी हो और जेल में बंद छात्रों को अविलंब रिहा किया जाए।
बहुजन स्टूडेंट्स यूनियन(बिहार) उपाध्यक्ष मिथिलेश विश्वास ने कहा कि मोदी सरकार रेलवे की नौकरियों को खत्म कर उसे पूंजीपतियों को बेच रही है,इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बहुजन स्टूडेंट्स यूनियन(बिहार) विजय कुमार और प्रवीण कुमार यादव ने कहा कि रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा ग्रुप डी की परीक्षा को दो स्तरीय करने का फ़ैसला मनमाना है।ग्रुप डी की बहाली की प्रक्रिया को पहले की तरह एक ही चरण में ही ली जाए।
रेलवे के अभ्यर्थी अभिषेक ने कहा कि रेलवे भर्ती बोर्ड के गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणियों (आरआरबी एनटीपीसी) की परीक्षा के परिणाम में भारी गड़बड़ी की गई है। परिणाम को रद्द कर कट ऑफ मार्क्स के साथ परिणाम का पुनर्प्रकाशन हो, मौके पर दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।




