आरा/आशुतोष पाण्डेय!
21 कंपनियों ने लगाए स्टॉल, 500 से अधिक रिक्तियों के लिए 435 अभ्यर्थियों का प्रथम स्तर पर चयन।
36 युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए स्टडी किट और 15 को स्वरोजगार के लिए टूल किट प्रदान।
आरा/जिला नियोजनालय, भोजपुर के तत्वावधान में बुधवार को कृषि भवन परिसर, आरा में एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया गया। मेले में निजी क्षेत्र की 21 कंपनियों ने भाग लिया और अपने स्टॉल लगाए। कंपनियों की ओर से 500 से अधिक रिक्तियों की जानकारी दी गई। रोजगार के अवसरों की तलाश में पहुंचे अभ्यर्थियों में से कुल 1500 के बायोडाटा प्राप्त किए गए, जबकि 435 अभ्यर्थियों का प्रथम स्तर पर चयन किया गया।
मेले का उद्घाटन अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बलदेव चौधरी, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), आरा के प्राचार्य अविनाश कुमार, डीआरसीसी भोजपुर के सहायक प्रबंधक, जिला नियोजन पदाधिकारी प्रणव प्रतीक तथा जिला कौशल प्रबंधक कृष्ण किशोर और कृष्णा कुमार यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
रोजगार के साथ युवाओं को करियर संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेले में व्यावसायिक मार्गदर्शन के लिए सात स्टॉल भी लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से कुल 471 अभ्यर्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, कौशल विकास और रोजगार से संबंधित मार्गदर्शन दिया गया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता बलदेव चौधरी ने कहा कि युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उनके कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के नियोजन मेले आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों से मेले में उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि नौकरी की शुरुआत में कार्यकुशलता और प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी इच्छाओं और करियर विकल्पों को सीमित नहीं रखना चाहिए। यदि पारिवारिक परिस्थितियां अनुकूल हों तो बिहार से बाहर अन्य राज्यों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का भी लाभ उठाना चाहिए।
मेले के दौरान युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 36 अभ्यर्थियों को नि:शुल्क स्टडी किट प्रदान की गई। वहीं, स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने काम को शुरू करने में सहायता के उद्देश्य से 15 युवाओं को नि:शुल्क टूल किट दी गई।
इस योजना का लाभ लेने के इच्छुक अभ्यर्थी बिहार रोजगार सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना और रोजगार संबंधी अन्य जानकारी के लिए जिला नियोजनालय, भोजपुर के दूरभाष नंबर 06182-353121 पर संपर्क किया जा सकता है।
जिला नियोजनालय की ओर से बताया गया कि नियोजन मेले का अगला आयोजन 26 दिसंबर 2026 को किया जाएगा। मेले में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के अलावा कंप्यूटर ऑपरेटर अमृता कुमारी सिन्हा, निम्न वर्गीय लिपिक रितेश कुमार, अजीत कुमार, अंकित कुमार और मंजू कुमारी सहित नियोजनालय के कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विकास कुमार ने किया।
फेसबुक हैडिंग #



