70 लाख रुपये के वॉल पेंटिंग घोटाले में संलिप्तता के आरोपों को बताया बेबुनियाद, निष्पक्ष जांच की मांग!

SHARE:

रिपोर्ट – बिकास कुमार!

आरोप साबित हुआ तो सक्रिय राजनीति से ले लूंगा संन्यास : रितेश रंजन

सिमरी बख्तियारपुर/(सहरसा)।

नगर परिषद में कथित 70 लाख रुपये के वॉल पेंटिंग घोटाले में नाम जोड़े जाने पर भाजपा नेता रितेश रंजन ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया है। साथ ही सार्वजनिक रूप से कहा है कि यदि किसी निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच में उनकी संलिप्तता साबित हो जाती है तो वह सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लेंगे।

शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में रितेश रंजन ने कहा कि 18 नवंबर को लोजपा विधायक संजय सिंह के निर्देश पर आयोजित प्रेस वार्ता में उनकी राजनीतिक छवि धूमिल करने के उद्देश्य से निराधार आरोप लगाए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह न तो नगर परिषद के अध्यक्ष हैं, न उपाध्यक्ष और न ही वार्ड पार्षद हैं। जिस कंपनी को वॉल पेंटिंग का कार्य आवंटित किया गया है, उससे भी उनका कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं दिशा और बीस सूत्री की बैठकों में वॉल पेंटिंग, हाईमास्ट लाइट, तिरंगा लाइट सहित नगर परिषद से जुड़ी कई कथित अनियमितताओं और जनहित के मुद्दों को उठाया है। ये सभी विषय संबंधित बैठकों की कार्यवाही और प्रस्तावों में दर्ज हैं।

भाजपा नेता ने विधायक संजय सिंह से पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित कंपनी के निदेशक के कॉल रिकॉर्ड की भी विधिसम्मत जांच कराने की बात कही। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि कंपनी के निदेशक के कॉल रिकॉर्ड में उनके मोबाइल नंबर से एक भी बातचीत प्रमाणित होती है अथवा जांच में उनकी संलिप्तता सामने आती है तो वह सक्रिय राजनीति छोड़ देंगे।

सांसद प्रतिनिधि बनाए जाने को लेकर उठाए गए सवालों पर भी उन्होंने सफाई दी। रितेश रंजन ने कहा कि एनडीए गठबंधन के सभी घटक दलों के कार्यकर्ताओं की चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। सांसद द्वारा अपने प्रतिनिधि का चयन करना उनका अधिकार है, बशर्ते यह नियमों के अनुरूप हो। उन्होंने कहा कि सांसद प्रतिनिधि के रूप में उनके किसी कार्य में अनियमितता, पद के दुरुपयोग या गलत गतिविधि की संलिप्तता प्रमाणित होती है तो वह उसी दिन अपने पद से इस्तीफा दे देंगे।

उन्होंने कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन व्यक्तिगत द्वेष के कारण किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। उन्होंने पूरे मामले में आरोप-प्रत्यारोप के बजाय निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।

गौरतलब है कि रितेश रंजन भाजपा बिहार प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य, लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक और सांसद प्रतिनिधि हैं।

Join us on: