रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी, बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए बासोपट्टी पुलिस सतर्कता बरतने को लेकर कारगर कदम उठाते हुए थाना क्षेत्र मे अब पूरी तरह सतर्क दिखाई दे रही है। स्वर्ण व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए थाना परिसर में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें ज्वेलरी दुकानदारों को सुरक्षा के नए नियमों से अवगत कराया गया। आयोजित बैठक का नेतृत्व थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने किया। उन्होंने कहा कि सोने-चांदी का कारोबार करने वाले दुकानदार हमेशा अपराधियों के निशाने पर रहते है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के नए गाइड लाइन जारी किया गया है। दिए गए गाइड लाइन का अनुपालन करना सभी ज्वेलरी दूकानदारों के लिए अनिवार्य है। किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी दुकानदार अपनी दुकानों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाएं। कैमरे इस तरह लगे हों कि दुकान के अंदर और बाहर आने-जाने वाले सभी व्यक्ति का चेहरा स्पष्ट दिखाई दे। साथ ही सुरक्षा अलार्म सिस्टम भी लगाया जाए, ताकि आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना मिल सके। बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय यह भी लिया गया कि अब कोई भी ग्राहक मुंह ढककर दुकान में प्रवेश नहीं करेगा। मास्क, गमछा, मफलर या हेलमेट पहनकर आने वाले व्यक्तियों को दुकान में जाने से रोका जाएगा। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि पहचान छिपाकर आने वाला व्यक्ति संदिग्ध माना जाएगा। दुकानदारों को भी निर्देश दिया गया है कि ऐसे ग्राहकों को पहले चेहरा दिखाने को कहें, उसके बाद ही दुकान में प्रवेश दें। थानाध्यक्ष ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस हर पल उनके साथ खड़ी है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल थाना को सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। इस तरह के पहल से पुलिस और व्यापारियों के बीच मजबूत तालमेल होगा, और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगेगा। उन्होंने यह भी बताया कि बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्ती को और अधिक तेज किया जाएगा। सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी बाजार में नजर रखेंगे। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जाएगी। थानाध्यक्ष ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अपराध करने की सोच रखने वालों को बासोपट्टी में कोई जगह नहीं मिलेगी। बैठक में स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष संतोष साह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यवसायी शामिल हुए। इनमें सुमित ठाकुर, अवधेश महतो, गुलाब जी, रंजीत पंजियार, भोला ठाकुर, अशोक ठाकुर, अरविंद ठाकुर, आशीष ठाकुर, रोशन ठाकुर, रामबाबू ठाकुर, विक्की शाह, सुभाष शाह, ललित शाह, नवल ठाकुर, गोपाल ठाकुर और आशीष कुमार सहित कई अन्य गणमान्य सदस्य मौजूद थे। सभी व्यवसायियों ने पुलिस के इस कदम का स्वागत किया और प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। बैठक के अंत में यही संकल्प लिया गया कि बासोपट्टी को अपराधमुक्त और सुरक्षित बाजार बनाना है, जहां व्यापारी निर्भय होकर व्यापार कर सकें।




