रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के जयनगर में देर रात एक टेम्पो चालक द्वारा बिहार पुलिस के जवान के साथ लूटपाट एवं जानलेवा हमला किए जाने का सनसनी खेज मामला सामने आया है। घटना देर रात करीब 10 बजे वाटरवेज चौक से जयनगर मुक्तिधाम जाने वाली रास्ते की बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार पुलिस के जवान मिथिलेश कुमार यादव अपने घर से ट्रेन पकड़ने के लिए जयनगर रेलवे स्टेशन आ रहे थे। इसी दौरान उन्होंने वाटरवेज चौक के पास एक टेम्पो चालक से रेलवे स्टेशन जाने का किराया पूछा। चालक ने स्टेशन तक का किराया 15 रुपये बताया। इसके बाद जवान टेम्पो में सवार हो गए। टेम्पो चालक टेम्पो लेकर चला, लेकिन उन्हें रेलवे स्टेशन ले जाने के बजाय जयनगर मुक्तिधाम के पास सुनसान इलाके में ले गया। वहां टेम्पो चालक ने जवान के साथ लूटपाट की और चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
घायल बिहार पुलिस के जवान मिथिलेश कुमार यादव किसी तरह जयनगर अनुमंडल अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज किया गया। घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल जवान से घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
इस घटना ने जयनगर शहर में रात के समय यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता देखी जा रही है।
अब सवाल यह है कि इंडो नेपाल बोर्डर पर स्थित यात्रीयो के लिए महत्वपूर्ण माने जाने वाली जयनगर रेलवे स्टेशन के लिए आने जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस क्या कदम उठती है। तो वही इस वारदात में शामिल आरोपी टेम्पो चालक की गिरफ्तारी कब तक होगी?




