बच्चों के झगड़े में डेढ़ साल के मासूम की चाचा-चाची ने पटकर ले ली जान!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!

पटना जिले के पालीगंज से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बच्चों के बीच खेल-खेल में हुआ मामूली विवाद खूनी खेल में बदल गया। अपने ही सगे चाचा और चाची ने डेढ़ साल के मासूम भतीजे को जमीन पर पटककर बेरहमी से पीट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों फरार हो गए। पूरा मामला पालीगंज प्रखंड के कशोपुर गांव का है। जानकारी के मुताबिक, राहुल कुमार का डेढ़ वर्षीय बेटा रिशु घर के आंगन के बाहर अपने चचेरे भाई के साथ खेल रहा था। इसी दौरान दोनों बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि चाचा हरेंद्र कुमार और चाची ममता देवी वहां पहुंच गए। इसके बाद मासूम को जमीन पर पटककर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पूरे गांव में सनसनी फैल गई। वहीं, घटना के बाद चाचा-चाची मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पालीगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मासूम के शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए एम्स पटना भेज दिया। फिलहाल पुलिस फरार दंपती की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
घटना की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि एक महिला ने अपनी गोतनी के डेढ़ वर्षीय बेटे को जमीन पर पटककर उसकी जान ले ली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स पटना भेज दिया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फरार महिला तथा उसके पति की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Join us on: