:- रवि शंकर अमित!
विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने पर रेलवे ने बढ़ाई विशेष ट्रेनों की सुविधा, मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री का जताया आभार
पटना, 23 अक्टूबर 2026 :- भागलपुर स्थित विक्रमशिला सेतु के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने के कारण रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। भागलपुर एवं नवगछिया-कटिहार के बीच सड़क संपर्क प्रभावित होने पर रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की है। इस पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विक्रमशिला सेतु पर आवागमन प्रभावित होने से आम लोगों को हो रही असुविधा को देखते हुए रेलवे द्वारा रेल सेवाओं का विस्तार किया जाना सराहनीय एवं जनहितकारी कदम है। इससे भागलपुर, नवगछिया, कटिहार तथा आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
रेलवे द्वारा भागलपुर से नवगछिया-कटिहार की ओर सुबह के समय गाड़ी संख्या 05781 भागलपुर (सबौर) – कटिहार स्पेशल और गाड़ी संख्या 03407 भागलपुर-कटिहार स्पेशल चलाई जा रही है। वहीं, शाम के समय गाड़ी संख्या 03409 भागलपुर-कटिहार स्पेशल का परिचालन किया जा रहा है।
इसी प्रकार कटिहार से भागलपुर की ओर सुबह गाड़ी संख्या 03410 कटिहार-भागलपुर स्पेशल, दोपहर में गाड़ी संख्या 03408 कटिहार-भागलपुर स्पेशल तथा शाम में गाड़ी संख्या 05782 कटिहार-सबौर स्पेशल चलाई जा रही है। इसके अतिरिक्त सहरसा से भागलपुर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए गाड़ी संख्या 05573/05574 राघोपुर-सहरसा-खगड़िया-भागलपुर-देवघर स्पेशल का भी परिचालन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों की परेशानी को देखते हुए रेलवे द्वारा की गई यह व्यवस्था महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस त्वरित पहल के लिए प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।



