:- रवि शंकर/अमित कुमार!
बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक एवं पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। वोटिंग बैलेट पेपर के जरिए कराई जाएगी। मतदान के बाद मतपेटियों को पटना के बांकिपुर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए वज्रगृह एवं संग्रहण केंद्र में सुरक्षित रखा जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को इसी केंद्र पर मतगणना होगी।
चुनाव में करीब 5.32 लाख मतदाताओं के वोट डालने की उम्मीद है, जिनमें स्नातक मतदाताओं की संख्या अधिक बताई गई है।
मतदान केंद्रों की सुरक्षा के साथ-साथ वज्रगृह की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बांकिपुर विद्यालय में बनाए गए मतगणना केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्य द्वार पर लगे बैनर पर स्पष्ट लिखा है – बिहार विधान परिषद के पटना स्नातक एवं पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का द्विवार्षिक निर्वाचन 2026, वज्रगृह एवं संग्रहण केंद्र।
पारदर्शिता के लिए राजनीतिक दलों के अभ्यर्थियों और उनके प्रतिनिधियों के लिए अलग से CCTV फुटेज अवलोकन केंद्र बनाया गया है। इस केंद्र के अंदर बड़ी स्क्रीन पर 16 अलग-अलग कैमरों की लाइव फुटेज दिखाई जा रही है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि शील्ड सामग्री और मतपेटियां पूरी तरह सुरक्षित हैं।
वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए परिसर में चिकित्सक दल की भी तैनाती की गई है। मतगणना के दौरान कर्मियों या अभ्यर्थियों को स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर तुरंत चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कुल मिलाकर 23 अक्टूबर के चुनाव और 27 अक्टूबर की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, निगरानी और स्वास्थ्य सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था कर ली है।



