रिपोर्ट – बिक्रम उपाध्याय!
खगड़िया। जिले के मानसी थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच उसके दादाजी के खेत से पकड़ लिया। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
एसपी पुष्कर आनंद के अनुसार, पुलिस को शाम करीब 6:30 बजे घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद संबंधित थानाध्यक्ष और एडिशनल एसपी ने भी मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, किशोरी दोपहर में बकरी चराने के लिए खेत गई थी। इसी दौरान उसी मोहल्ले के एक लड़के पर उसे घोड़े पर खींचकर दूर ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना के समय किशोरी का छोटा भाई भी खेत में मौजूद था। वह वहां से भागकर घर पहुंचा और अपनी मां को घटना की जानकारी दी।
परिजनों ने किशोरी की तलाश की तो वह खून से लथपथ हालत में मिली। इसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए किशोरी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा।
घटना के बाद फरार हो गया था आरोपी
एसपी पुष्कर आनंद ने बताया कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच उसे उसके दादाजी के खेत में सोते हुए पकड़ लिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी भी नाबालिग है।
7 से 10 दिनों में चार्जशीट दाखिल करने का प्रयास
एसपी ने बताया कि मामले में पुलिस तेजी से कानूनी कार्रवाई कर रही है। पीड़िता का न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अगले 7 से 10 दिनों के भीतर आरोपपत्र दाखिल कर दिया जाए।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। नाबालिग पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है।



