रिपोर्ट – प्रिंस कुमार
कटिहार। बिहार के कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र में पोठिया-डूमर सड़क मार्ग पर कुशियारी मोड़ के समीप सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलटने से दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मृतकों की पहचान नगर पंचायत बरारी के जीरा पट्टी, थाना बरारी, जिला कटिहार निवासी सद्दाम हुसैन वर्ष 35 वर्षीय और मोहम्मद मनीर उम्र 50 वर्षीय पिता अरशद अली, के रूप में बताई गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर पर चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। इसी दौरान कुशियारी मोड़ के समीप ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार, एसआई चांदनी कुमारी सहित बिहार पुलिस के जवान घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू की।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में मातम छा गया है। घटना की विस्तृत जानकारी और दुर्घटना के कारणों का पता पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।



