रिपोर्ट – संतोष तिवारी!
एसकेएमसीएच परिसर में महिला डॉक्टर से हुई चेन छिनतई के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की और कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र से सोनू कुमार यादव और रोहित कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से डॉक्टर से छीनी गई सोने की चेन भी बरामद की गई है।
बताया जा रहा है कि कोढ़ा गिरोह के शातिर दूसरे जिलों से शहरों में पहुंचकर सुरक्षित ठिकानों पर ठहरते हैं। इसके बाद मौका देखकर बाइक से निकलते हैं और खासकर महिलाओं को निशाना बनाकर चेन झपटते हैं। वारदात के बाद बाइक की रफ्तार बढ़ाकर दूसरे जिले की ओर निकल जाते हैं।
ये जो तस्वीर है, इसे अच्छे से पहचान लीजिए। ये कोढ़ा गैंग के वही शातिर सदस्य हैं, जो मौका मिलते ही महिलाओं के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो जाते हैं। पुलिस की गिरफ्त में आए इन दोनों आरोपियों पर एसकेएमसीएच परिसर में महिला डॉक्टर से चेन छिनतई का आरोप है।
बीते दिनों एसकेएमसीएच ओपी क्षेत्र स्थित पोस्टमार्टम हाउस के पास बाइक सवार अपराधियों ने महिला डॉक्टर मधुलता के गले से सामने से सोने की चेन झपट ली थी। वारदात के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए थे।
मामले की शिकायत मिलते ही एसएसपी कॉन्टेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इसमें एसकेएमसीएच ओपी प्रभारी को भी शामिल किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि महिला डॉक्टर से चेन छिनतई मामले में कोढ़ा गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। छीनी गई सोने की चेन भी बरामद हुई है। दोनों से पूछताछ जारी है।



