नशे में ड्यूटी करने पहुँचे पोस्टमास्टर, ग्राहकों से किया दुर्व्यवहार, पुलिस ने किया गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार!

बिहार में शराबबंदी के बावजूद सरकारी कर्मचारियों के शराब पीकर ड्यूटी करने के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया प्रखंड स्थित राजपुर डाकघर का है, जहां सब पोस्टमास्टर रविभूषण कुमार कथित तौर पर शराब के नशे में कार्यालय पहुंच गए। नशे में ग्राहकों के साथ बदसलूकी करने का आरोप है। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, राजपुर डाकघर में सब पोस्टमास्टर रविभूषण कुमार के नशे में होने और ग्राहकों से दुर्व्यवहार करने के कारण कार्यालय में अफरातफरी की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि कई ग्राहक अपना काम कराए बिना ही वापस लौट गए। इससे नाराज कुछ लोगों ने इसकी सूचना केसरिया थाने को दी।

सूचना मिलते ही केसरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, सब पोस्टमास्टर लड़खड़ाते हुए मिले। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई गई। केसरिया थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पहले भी नशे में आने का आरोप

ग्रामीणों का दावा है कि रविभूषण कुमार पहले भी कई बार कथित तौर पर नशे की हालत में डाकघर आ चुके हैं। हालांकि, इस बार ग्राहकों के साथ बदसलूकी के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कार्रवाई हुई।

शराबबंदी के बीच सरकारी दफ्तरों पर सवाल

बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद यदि सरकारी कर्मचारी शराब के नशे में कार्यालय पहुंचते हैं, तो यह कानून के पालन के साथ-साथ सरकारी सेवाओं की जवाबदेही पर भी सवाल खड़े करता है। राजपुर डाकघर की घटना ने ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों के व्यवहार और आम लोगों को मिलने वाली सेवाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Join us on: