रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के लदनियां थाना पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के बौरहा गांव में छापेमारी कर 173.960 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। कार्वाई के दौरान पुलिस ने एक डिजिटल तराजू, एक पैकेट चापने वाली लोहे की मशीन सहित अन्य सामग्री भी जब्त की है। मामले की जानकारी जयनगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय कक्ष में ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर लदनियां थाना पुलिस निरिक्षक सह थानाध्यक्ष मुकुल रंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस अवर निरिक्षक शशिभूषण सिंह एवं सशस्त्र सीमा बल ने 7 अक्टूबर को बौरहा गांव में छापेमारी की। इस दौरान रमेश कामत के भूसा वाले घर एवं पास के गलियारे से गांजा बरामद किया गया। पुलिस का मानना है कि संबंधित लोग संगठित गिरोह बनाकर नेपाल से गांजा मंगाकर उसका भंडारण करते थे। इसके बाद गांजा को छोटे-छोटे पैकेट में तैयार कर विभिन्न स्थानों पर बेचने का काम किया जाता था। मामले में बैजनाथ कामत उर्फ भानू कामत, रमेश कामत और रामबाबू पासवान को प्राथमिकी अभ युक्त बनाया गया है। तीनो आरोपी पुलिस पकड़ से फरार बताए जा रहे है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी को लेकर सभी संभावित ठिकाने पर छापेमारी कर रही है। छापामारी दल में लदनियां थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल हैं।



