मधुबनी- तस्कर सिंडिकेट पर कड़ा प्रहार, भरत महासेठ और ‘चाची’ के 11 ठिकाने सील!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी, भारत-नेपाल सीमा से सटे बासोपट्टी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत दुहबी बाजार में गुरुवार को प्रशासन ने तस्करी सिंडिकेट के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की। कुख्यात तस्कर भरत महासेठ एवं हीरा महासेठ उर्फ चाची से जुड़े 11 प्रतिष्ठानों को केंद्रीय एजेंसियों एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने न्यायालय के आदेश पर सील कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार्रवाई हेतु गुरुवार सुबह लगभग चार बजे दो दर्जन से अधिक वाहनों में सवार पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का काफिला दुहबी बाजार पहुँची। अचानक भारी संख्या में पुलिस बल को देखकर बाजार में हड़कंप मच गया। वही पुलिस द्वारा एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई और दुकानों के बाहर सशस्त्र बलों की तैनाती की गई।
इस के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा गठित विशेष टीम के साथ-साथ अन्य खुफिया इकाइयों द्वारा भरत महासेठ एवं हीरा महासेठ उर्फ चाची के चिह्नित सभी ठिकानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि तलाशी के दौरान किसी आपत्तिजनक सामग्री की बरामदगी नहीं हुई, परंतु नियमानुसार मुख्य किराना दुकान, गोदाम सहित सभी संदिग्ध परिसरों को सील कर दिया गया। इस दौरान दंडाधिकारी के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि आरोपित भरत महासेठ का आपराधिक इतिहास रहा है। बीते दो अगस्त को जाली नोट के मामले तथा 15 सितंबर को चरस तस्करी के आरोप में एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार किया था। हीरा महासेठ उर्फ चाची के विरुद्ध भी कई मामले दर्ज हैं।

इस अभियान में ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़, जयनगर डीएसपी सदानंद कुमार, थानाध्यक्ष कार्तिक भगत, बीडीओ अनिल कुमार, सीओ विकास कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और एसएसबी के जवान शामिल थे।

Join us on: