आरा/आशुतोष पाण्डेय
भोजपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। आरा हेड पोस्ट ऑफिस में तैनात ओवरसियर पुरुषोत्तम कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। सीबीआई की कार्रवाई के बाद डाक विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
मामला आरा का है, जहां केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए हेड पोस्ट ऑफिस के ओवरसियर पुरुषोत्तम कुमार को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि सीबीआई की टीम ने रविवार की रात आरोपी को उसके सरकारी आवास से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई और उससे पूछताछ शुरू कर दी। मामले में रिश्वत की मांग किस काम के लिए की गई थी और इसमें किसी अन्य व्यक्ति या अधिकारी की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद डाक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया है। फिलहाल जांच एजेंसी मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
भोजपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई की इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है। अब जांच के दौरान यह स्पष्ट होगा कि रिश्वत मामले में और कौन-कौन लोग जांच के दायरे में आते हैं।



