रिपोर्ट- संतोष तिवारी!
मुजफ्फरपुर जिले में बागमती और गंडक नदी की बाढ़ से हालात गंभीर बने हुए हैं। गंडक नदी के बढ़े जलस्तर से साहेबगंज के बाद पारू और सरैया प्रखंड के कई इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है। पारू में गंडक नदी पर बना रिंग बांध टूटने के बाद स्थिति और बिगड़ गई। तीन वार्डों के करीब 300 घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया। हालांकि जलस्तर में धीरे-धीरे कमी आने से लोगों ने कुछ राहत की सांस ली है।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ की टीम राहत और बचाव अभियान चला रही है। टीम ने बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। साहेबगंज में अब भी कई जगहों पर पानी के कारण आवागमन प्रभावित है।
जिले के पारू, साहेबगंज, कटरा और गायघाट प्रखंडों की 21 पंचायतें गंडक और बागमती नदी की बाढ़ से प्रभावित हैं। जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उनके साथ ग्रामीण एसपी, एसडीएम पश्चिमी, सीओ, बीडीओ समेत अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
गंडक नदी का जलस्तर रेवा घाट पर खतरे के निशान 54.41 मीटर से ऊपर बना हुआ है। प्रशासन की ओर से लगातार जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। डीएम के निर्देश पर प्रभावित पंचायतों में सामुदायिक रसोई शुरू की गई है। बाढ़ पीड़ितों के बीच पॉलीथिन शीट और सूखा राशन भी वितरित किया जा रहा है।
बाढ़ के पानी से धान और सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंचा है। कई परिवारों ने सुरक्षित स्थान के रूप में बांध पर शरण ली है। हालांकि वहां पेयजल, शौचालय और रोशनी जैसी सुविधाओं की जरूरत बनी हुई है।
जिला प्रशासन के मुताबिक प्रभावित इलाकों में सरकारी एसओपी के अनुरूप राहत कार्य चलाए जा रहे हैं। इनमें सामुदायिक रसोई का संचालन, पॉलीथिन शीट का वितरण, एनडीआरएफ-एसडीआरएफ के माध्यम से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना, सूखा राशन वितरण, स्वास्थ्य जांच व दवाओं की उपलब्धता, नावों का परिचालन, पशु चारा और पशु चिकित्सा की व्यवस्था शामिल है।
इसके अलावा प्रभावित इलाकों में स्वच्छ पेयजल, शौचालय की सुविधा और तटबंधों की निगरानी की जा रही है। जरूरत के अनुसार तटबंधों के सुदृढ़ीकरण का काम भी जारी है।
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कम्युनिटी किचन चलाए जा रहे हैं और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रखा गया है। उन्होंने कहा कि पैनिक होने की जरूरत नहीं है, लेकिन लोगों को अलर्ट रहने की जरूरत है। जलस्तर बढ़ा हुआ है, लेकिन पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है। संबंधित अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।
डीएम ने बताया कि फिलहाल किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
बाईट-कुमार गौरव,डीएम




