रिपोर्ट- प्रमोद/सारण
छपरा । सारण जिले के पानापुर के सरौजा भगवानपुर में आयी बाढ़ ने पहले ही दिन दो युवकों की जीवन लीला छीन ली। बाढ़ के पानी में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवकों को ग्रामीणों के सहयोग से सकुशल बचा लिया गया। मृत युवक खजुरी गांव निवासी मंजय कुमार का 17 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार एवं चकिया गांव निवासी सुरेंद्र राय का पुत्र अनिल राय बताया गया है। जानकारी के अनुसार मृत दोनों युवक दो अन्य युवकों के साथ सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान पानी की तेज धारा में चारों बहने लगे। युवकों को डूबता देख ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह दो युवकों को बचा लिया, वही सत्यम एवं अनिल तेज धारा में बह गए जिससे डूबने से उन दोनों मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची एवं दोनों युवकों के शव को बरामद किया। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही राजद नेता शैलेन्द्र प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे एवं डीएम से फोन पर बात कर मृत युवकों के परिजनों को अविलम्ब सरकारी मुआवजा मुहैया कराने की बात कही। पुलिस ने दोनों युवकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया है। वहीं घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मचा गई है तथा गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है।



