:- रवि शंकर अमित!
मुख्यमंत्री ने सूखा राशन पैकेजिंग सेंटर का किया निरीक्षण, बाढ़ पीड़ितों के बीच बेहतर ढंग से राहत सामग्रियों के वितरण का दिया निर्देश
मुख्य बिंदु :-
एयरफोर्स के दो हेलीकॉप्टर के माध्यम से राशन के सामान चूड़ा, चना, सत्तू, चीनी, मसाला, ओ०आर०एस०, माचिस, मोमबत्ती सहित जरूरत की अन्य सामग्रियों को पैकेजिंग कर लोगों के बीच वितरण किया जायेगा।
पटना, 01 अक्टूबर 2026 :- मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में सूखा राशन पैकेजिंग सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पैकेजिंग सेंटर पर पैकेजिंग किये जा रहे सामग्रियों एवं उसकी गुणवत्ता की जानकारी ली। वहां मौजूद अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि खाद्य पदार्थों के साथ ही जरूरत के सभी सामान हम लोग पैकेट के अंदर रखवा रहे हैं ताकि बाढ़ से प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। पैकेट में राशन के सामान चूड़ा, चना, सत्तू, चीनी, मसाला, ओ०आर०एस०, माचिस, मोमबत्ती सहित जरूरत की अन्य सामग्रियों को रखा गया है। एयरफोर्स के दो हेलीकॉप्टर के माध्यम से राहत सामग्री को बाढ़ से प्रभावित लोगों के बीच वितरित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत सामग्रियों के वितरण में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। बाढ़ पीड़ितों को समय पर खाद्य पदार्थों के साथ ही सभी जरूरत के सामान मुहैया कराए जाएं।
इस दौरान मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, आपदा विभाग के प्रधान सचिव श्री संतोष कुमार मल्ल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री लोकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी श्री कुंदन कुमार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।




