रिपोर्ट- प्रिंस कुमार!
कटिहार में पुलिस की वर्दी पर दाग लगाने वालों पर SP परिचय कुमार का हंटर! अवैध वसूली के आरोप में तीन पुलिसकर्मी निलंबित, FIR दर्ज
कटिहार में वर्दी की आड़ में अगर कोई कानून को अपनी जेब में रखने की कोशिश करेगा, तो अब उसकी खैर नहीं! जी हां, बेहतर पुलिसिंग और जीरो टॉलरेंस की नीति को लेकर कटिहार पुलिस कप्तान परिचय कुमार ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई कर साफ संदेश दे दिया है कि पुलिस की वर्दी जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए है, अवैध वसूली का लाइसेंस नहीं!
पूरा मामला कटिहार जिला के कदवा थाना क्षेत्र का है, जहां 29 सितंबर 2026 को डायल-112 वाहन में प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों द्वारा एक वाहन को रोककर कथित रूप से अवैध तरीके से राशि की वसूली किए जाने का मामला सामने आया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने तत्काल संज्ञान लिया और जांच के बाद बड़ी कार्रवाई कर दी। डायल-112 वाहन पर प्रतिनियुक्त पीटीसी 1463 टिंकू कुमार और सिपाही 431 अभिमन्यु कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इतना ही नहीं, इस मामले में चालक अर्जुन यादव को भी कटिहार जिले से AWPO दानापुर, मुख्यालय झारखंड एवं बिहार वापस किया गया है। वहीं, तीनों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कदवा थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के जरिए पुलिस कप्तान परिचय कुमार ने दो टूक संदेश देने का प्रयास किया है कि कानून के रखवाले ही अगर कानून की मर्यादा तोड़ेंगे, तो उनके खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई में कोई रियायत नहीं होगी।
कटिहार पुलिस की इस कार्रवाई को अनुशासन और जवाबदेही के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि जांच में और क्या तथ्य सामने आते हैं।
बाइट – सद्दाम हुसैन (पुलिस उपाधीक्षक यातायात कटिहार)



