रिपोर्ट :- संतोष चौहान!
सुपौल :- जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार में एन एच-27 पर बुधवार सुबह धर्मपट्टी मछली मार्केट के पास मसालों से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर लोहे के डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक और खलासी को मामूली चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत ठीक बताई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या यूपी 21 CN 2929 उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से मिर्च, मसाला और हल्दी लेकर असम जा रहा था। बुधवार सुबह करीब छह बजे धर्मपट्टी मछली मार्केट के पास पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए पलट गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण चालक मेराज और खलासी आलम वाहन के अंदर फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने शीशा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और इलाज के लिए निजी क्लीनिक में पहुंचाया।
चालक मेराज ने बताया कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान वाहन खलासी आलम चला रहा था। इसी दौरान उसे नींद आ गई और ट्रक पर नियंत्रण नहीं रह सका। खलासी आलम ने भी झपकी लगने की बात स्वीकार की।
ट्रक के सड़क के बीचोंबीच पलटने से NH-27 पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा। वाहनों की रफ्तार धीमी होने के साथ दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर संबंधित एजेंसी और NHAI को घटना की जानकारी दी गई। ट्रक को हटाने का काम शुरू किए जाने के बाद यातायात सामान्य कराने की कवायद की गई।
राघोपुर थाना प्रभारी अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की जानकारी संबंधित एजेंसी और NHAI को दे दी गई है। सड़क से ट्रक हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।



