रिपोर्ट – बिकास कुमार!
लंबित कांडों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए अगले माह का लक्ष्य निर्धारित, जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश
सहरसा।
पुलिस उप महानिरीक्षक, कोशी क्षेत्र, सहरसा ने मंगलवार को मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देने के साथ लंबित कांडों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीआईजी ने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कांडों के निष्पादन के लिए अगले माह का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखते हुए लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ कार्यालय में संधारित विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों की जांच की गई। इसके अलावा लंबित कांडों की स्थिति, कार्यालय के कार्यों तथा पुलिस भवनों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। कार्यालय में कार्यरत पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी डीआईजी ने मूल्यांकन किया। निरीक्षण के दौरान उदाकिशुनगंज अनुमंडल क्षेत्र के सभी अंचल पुलिस निरीक्षक, पर्यवेक्षी पदाधिकारी एवं थानाध्यक्ष उपस्थित रहे। डीआईजी ने उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों को आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और नियमानुसार उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस एवं आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा जनता की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने पर भी जोर दिया।



