रिपोर्ट – राजीव रंजन!
प्रेम संबंध का खूनी अंत! महिला की चाकू से गोदकर हत्या, आरोपी चाकू के साथ गिरफ्तार
मधेपुरा/रजनीश रंजन
गम्हरिया थाना क्षेत्र के रूपौली गाँव स्थित बैंगा नदी किनारे सोमवार दोपहर प्रेम संबंध से जुड़े विवाद में 35 वर्षीय महिला भागमनी देवी की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भवेश कुमार को चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि भागमनी देवी पिछले करीब पांच दिनों से अपनी ननद के घर रूपौली में रह रही थी। करीब 10 दिन पहले वह रिश्ते में देवर बताए जा रहे भवेश कुमार के साथ घर से चली गई थी। दोनों करीब दो दिन पंजाब में रहे, जिसके बाद भागमनी वापस लौट आई। परिजनों के अनुसार महिला का मोबाइल फोन भवेश के पास ही था।
सोमवार दोपहर करीब तीन बजे भागमनी देवी कुछ महिलाओं और बच्चों के साथ बैंगा नदी में मछली पकड़ रही थी। इसी दौरान भवेश वहां पहुंचा और बात करने के बहाने महिला को कुछ दूर ले गया। महिला ने अपना मोबाइल वापस मांगा। बताया जा रहा है कि भवेश उसे दोबारा अपने साथ ले जाना चाहता था, लेकिन भागमनी ने जाने से इनकार कर दिया।
इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि भवेश ने चाकू निकालकर भागमनी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। महिला की पीठ, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए गए। गंभीर रूप से घायल भागमनी देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी भवेश कुमार को घटना में इस्तेमाल किए गए चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




