भागलपुर- करमा-धरमा की खुशियां मातम में बदलीं! पोखर में नहाने गए 6 बच्चों की डूबने से मौत!

SHARE:

रिपोर्ट- निभाष मोदी!

खबर भागलपुर के सुल्तानगंज से है जहाँ करमा-धरमा की खुशियां मातम में बदलीं! पोखर में नहाने गए 6 बच्चों की डूबने से मौत, एक-एक कर बुझ गए छह घरों के चिराग
भागलपुर/सुल्तानगंज। भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र से सोमवार को दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। तरैटा बहियार स्थित एक पोखर में नहाने गए छह बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और विष्णु टोला दुधैला गांव में मातम पसर गया। मृतकों में तीन लड़के और तीन लड़कियां शामिल बताए जा रहे हैं।बताया जा रहा है कि सभी बच्चे करमा-धरमा पर्व के मौके पर पोखर में स्नान करने के लिए गए थे। बच्चे आपस में साथ थे और इसी दौरान अचानक एक बच्चा गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देखकर दूसरे बच्चे भी उसे बचाने की कोशिश में पानी में उतर गए। देखते ही देखते एक के बाद एक सभी छह बच्चे गहरे पानी में समा गए।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। स्थानीय लोगों ने बच्चों को पोखर से निकालने की कोशिश शुरू की। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
कड़ी मशक्कत के बाद सभी छह बच्चों को पोखर से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी बच्चों को मृत घोषित कर दिया।एक साथ छह बच्चों की मौत की खबर ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जिन घरों में करमा-धरमा पर्व को लेकर उत्साह था, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर तरफ मातम का माहौल है।घटना की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा कैसे हुआ और बच्चों के डूबने की पूरी परिस्थितियां क्या थीं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।

Join us on: