रिपोर्ट – प्रिंस कुमार!
बिहार के कटिहार पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। डकैती की बड़ी साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। मनिहारी थाना पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पकड़ा गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक देसी पिस्टल, मैगजीन में एक जिंदा गोली, करीब 9.6 ग्राम स्मैक, पांच मोबाइल फोन, 2,311 रुपये नकद और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस उपाधीक्षक सद्दाम हुसैन ने प्रेस वार्ता कर बताया कि मनिहारी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि महियारपुर स्थित ईंट भट्ठे के पीछे कुछ अपराधी किसी बड़ी डकैती की योजना बना रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे जिन्हें खदेड़कर पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. तनवीर, मो. मुशरलीम, पवन कुमार चौधरी, विकास कुमार, अंकित कुमार और प्रीतम कुमार के रूप में हुई है। इनके पास से हथियार, मादक पदार्थ, मोबाइल और नकदी बरामद की गई। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि डकैती की इस कथित योजना के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे और गिरफ्तार आरोपियों का किसी अन्य आपराधिक वारदात से कोई संबंध है या नहीं।
Byte— सद्दाम हुसैन, पुलिस उपाधीक्षक



