अररिया- मूर्ति विसर्जन के दौरान दो बच्चे की डूबने से मौत,ईलाके में मचा कोहराम!

SHARE:

रिपोर्ट – मो. मुर्शिद!

विषहरी पूजा में मूर्ति विसर्जन के दौरान अररिया के जोकीहाट में दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। महलगांव थाना क्षेत्र के बागनगर पंचायत स्थित मटियारी गांव में विसर्जन के दौरान गहरे पानी में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। हादसे के बाद धार्मिक आयोजन का माहौल अचानक चीख-पुकार और मातम में बदल गया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को ग्रामीण बिसहरी पूजा की मूर्ति विसर्जन के लिए गए थे। इसी दौरान विसर्जन करते समय पैर फिसलने से 19 वर्षीय अभिषेक पासवान और 16 वर्षीय अजित राम गहरे पानी में चले गए। दोनों को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका

मृतकों की पहचान अभिषेक पासवान, पिता अरुण पासवान और अजित राम, पिता पुरन राम के रूप में हुई है। दोनों मटियारी गांव के रहने वाले और आपस में पड़ोसी बताए जा रहे हैं। दोनों अपने-अपने परिवार में दो भाइयों में थे। कम उम्र में हुई इस दर्दनाक मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है

हादसे की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। जिन घरों में पूजा और विसर्जन को लेकर उत्साह था, वहां देखते ही देखते मातम छा गया

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मूर्ति विसर्जन के दौरान दो किशोरों की मौत ने सुरक्षा व्यवस्था और विसर्जन के दौरान सावधानी को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं

Join us on: