मुंगेर- इंजिनियरिंग कॉलेज में दर्जनों बच्चे व कर्मी बीमार, फूड प्वाइजनिंग की आशंका!

SHARE:

रिपोर्ट – सुमित कुमार!

मुंगेर इंजीनियरिंग कॉलेज में शुक्रवार को अचानक छात्र-छात्राओं और कर्मियों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। फूड पॉइजनिंग की आशंका में एक के बाद एक बीमार छात्र-छात्राओं और कर्मियों को इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल लाया गया। शाम करीब छह बजे शुरू हुआ मरीजों के पहुंचने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों के अनुसार करीब 25 छात्र-छात्राओं का उपचार चल रहा था, जबकि कॉलेज कर्मियों के अनुसार करीब 50 छात्र और कर्मी प्रभावित हुए हैं। हालांकि देर रात तक प्रभावित लोगों की वास्तविक संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी थी।
बताया गया कि शुक्रवार दोपहर बाद अलग-अलग वार्ड में रहने वाले छात्र-छात्राओं और कर्मियों को पेट दर्द, उल्टी, सिरदर्द सहित अन्य शिकायतें होने लगीं। एक साथ कई लोगों की तबीयत बिगड़ने पर कॉलेज प्रबंधन ने उन्हें एंबुलेंस से सदर अस्पताल भेजना शुरू किया। लगातार मरीजों के पहुंचने से इमरजेंसी वार्ड में भीड़ बढ़ गई। चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी सभी के उपचार में जुटे रहे। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक डॉ. फैजुद्दीन ने बताया कि करीब 25 छात्र-छात्राओं का इलाज किया जा रहा है। अधिकांश मरीजों में पेट दर्द, उल्टी और सिरदर्द की शिकायत सामने आई है। चिकित्सकों की निगरानी में सभी का उपचार किया जा रहा है और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई गई।
घटना का स्पष्ट कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। कॉलेज परिसर में 17 सितंबर को विश्वकर्मा पूजा का आयोजन हुआ था। बताया जा रहा है कि पूजा के दौरान कुछ लोगों ने प्रसाद का सेवन किया था। इसके अगले दिन कई लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद प्रसाद को संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि कॉलेज प्रबंधन ने इसकी पुष्टि नहीं की है। वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. शंभू शंकर ने बताया कि शुक्रवार दोपहर से कई छात्र-छात्राओं और कर्मियों के बीमार होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद तत्काल सभी को सदर अस्पताल भेजा गया। घटना के कारणों की जांच के लिए टीम गठित की गई है। टीम की रिपोर्ट के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल कॉलेज परिसर की स्थिति सामान्य है। कुछ छात्र-छात्राओं में घबराहट की स्थिति भी थी, जिन्हें एहतियात के तौर पर अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना वरीय अधिकारियों और संबंधित विभाग को दे दी गई है। प्राचार्य समेत कॉलेज के अन्य अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचकर इलाज की व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

बाइट-डॉ. शंभू शंकर प्रभारी प्रचार्य इंजीनियरिंग कॉलेज
बाइट-डॉ फैजुद्दीन चिकित्सक सदर अस्पताल
बाइट-विनोद कुमार कर्मी इंजीनियरिंग कॉलेज मुंगेर

Join us on: