रिपोर्ट – मिथुन कुमार!
नालंदा जिले के लहेरी थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी मोहल्ले में आपसी विवाद के बाद एक 26 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान बड़ी पहाड़ी निवासी सौरभ कुमार की पत्नी रेखा कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जाता है कि रेखा कुमारी आर्केस्ट्रा में काम करती थी। इसी दौरान उसके नाच देखने के लिए आने वाले सौरभ कुमार से उसकी जान-पहचान हुई और बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। करीब एक वर्ष पहले दोनों ने शादी कर ली और शादी के बाद पंजाब में रहने लगे थे। दो दिन पूर्व ही दोनों पंजाब से अपने घर बड़ी पहाड़ी लौटे थे।
परिजनों के अनुसार, रेखा के कथित अवैध संबंध को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी विवाद के दौरान दोनों के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि गुस्से में सौरभ कुमार ने रेखा के सिर पर हथौड़ी से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद लहेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।




