बेटी ने प्रेम विवाह किया तो पिता में जिंदा बेटी का अर्थी निकालकर विधि विधान से कर दिया श्राद्ध!

SHARE:

रिपोर्ट – मलय झा!


एक तरफ बेटी की विदाई पर पिता की आंखों में खुशी के आंसू होते हैं लेकिन पूर्णिया के केनगर में एक पिता ने अपनी ही बेटी की ऐसी विदाई की, जिसकी तस्वीर ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। यहां बेटी की शादी से नाराज पिता ने उसका पुतला तैयार कराया उसे अर्थी पर रखा,गांव में शवयात्रा निकाली और फिर पुतले का दाह संस्कार कर दिया। मामला केनगर प्रखंड के गंगेली पंचायत के चपय गांव का है।
दरअसल मनोज गोस्वामी की बेटी रिया कुमारी का गांव के ही मिलन पासवान से प्रेम संबंध था। दोनों ने परिवार की इच्छा के विरुद्ध शादी कर ली। यह विवाह अंतरजातीय था, जिसे लेकर लड़की का परिवार नाराज था।
रिया आठ सितंबर को युवक के साथ घर से चली गई थी। पिता की ओर से थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई। बाद में पुलिस ने युवती को दिल्ली से बरामद किया। अदालत में युवती ने अपनी इच्छा से युवक के साथ रहने की बात कही। इसके बाद परिवार की नाराजगी और बढ़ गई।
इसके बाद पिता ने बेटी से संबंध खत्म करने का फैसला सार्वजनिक तौर पर जताया। परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में पुतला तैयार किया गया। पुतले को अर्थी पर रखा गया और अंतिम यात्रा की तरह गांव में घुमाया गया। इसके बाद उसका दाह संस्कार किया गया।
पिता का कहना है कि बेटी के इस फैसले से परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। वहीं, इस घटना ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि अपनी संतान के जीवनसाथी के चुनाव को लेकर परिवार और समाज की असहमति आखिर किस हद तक जा सकती है।

एक बेटी जिंदा है । लेकिन पिता ने उसके पुतले को मुखाग्नि देकर मानो रिश्ते की डोर ही तोड़ दी।चपय गांव की यह घटना सिर्फ एक परिवार की नाराजगी की कहानी नहीं, बल्कि बदलती पीढ़ी की पसंद और पारंपरिक सामाजिक सोच के बीच पैदा हो रहे टकराव पर भी गंभीर सवाल छोड़ जाती है।

Join us on: