नवादा / सोनू सिंह ।
नारदीगंज में खेत में काम करने के दौरान करंट की चपेट में आया किसान, मौके पर मची अफरा-तफरी; अस्पताल में डॉक्टर ने किया मृत घोषित।
नवादा: जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के पचेया गांव में मंगलवार सुबह खेत में काम करने के दौरान बिजली के संपर्क में आने से 40 वर्षीय गरीबन यादव की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक के घर में दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, सभी अभी छोटे हैं।
जानकारी के अनुसार, गरीबन यादव मंगलवार सुबह करीब 10 बजे खेत में धान की पटवन करने गए थे। इसी दौरान वह बिजली के संपर्क में आ गए और खेत में गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें नारदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के चचेरे भाई धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह खेत में धान की पटवन करने जाने के बाद गांव में हल्ला हुआ। इसके बाद परिजन खेत की ओर पहुंचे, जहां गरीबन यादव बेसुध अवस्था में पड़े थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल ले जाया जा रहा है।
धर्मेंद्र कुमार के मुताबिक, गरीबन यादव चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं। सभी बच्चे छोटे हैं और अभी अविवाहित हैं। घटना के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी गहरा गया है।
घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
नारदीगंज के अपर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस जवानों के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेजा जा रहा है।




