आरा/आशुतोष पाण्डेय!
भोजपुर जिले के आरा-बक्सर फोरलेन पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा बिहिया थाना क्षेत्र में जियो पेट्रोल पंप के समीप हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
मृतक की पहचान बिहिया थाना क्षेत्र के दोघरा गांव निवासी राजकुमार महतो (55 वर्ष) के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय यमुना महतो के पुत्र थे।
बताया जा रहा है कि राजकुमार महतो आरा-बक्सर फोरलेन से गुजर रहे थे, तभी जियो पेट्रोल पंप के समीप सड़क हादसा हो गया। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना में किस वाहन की भूमिका रही और दुर्घटना कैसे हुई, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।




