रिपोर्ट – सोनू सिंह!
बिहार के नवादा में चोरी की घटना के दौरान एक चोर शराब के नशे में ऐसा धुत हुआ कि चोरी करने के बाद घर में ही सो गया। सुबह घरवालों ने जब उसे बेड पर सोते देखा तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद परिजनों ने चोर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना शहर के पुरानी जेल रोड स्थित पवन साव के घर की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, देर रात तीन चोर दरवाजा तोड़कर पवन साव के घर में घुसे थे। चोरों ने घर में रखे सामान को खंगालना शुरू किया और काफी सामान लेकर फरार हो गए। इसी दौरान एक चोर शराब के नशे में होने के कारण कमरे में ही बेड पर सो गया। उसके दो साथी चोरी का सामान लेकर मौके से फरार होने में सफल रहे।
सुबह जब घर के लोग जागे तो देखा कि घर का सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा है। इसी दौरान उनकी नजर बेड पर सो रहे एक युवक पर पड़ी। घर में अजनबी युवक को सोया देखकर परिजनों में अफरातफरी मच गई। परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और नगर थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को गिरफ्तार कर थाने ले गई। पुलिस ने चोर की निशानदेही पर चोरी किए गए कुछ सामानों को बरामद किया है, जबकि कई सामान का अब तक पता नहीं चल सका है। परिजनों के मुताबिक, घर से करीब चार से पांच लाख रुपये के सामान की चोरी हुई है। पुलिस फरार दोनों चोरों की तलाश में जुटी है।



